शहीदी दिवस पर एबीवीपी का रक्तदान शिविर, युवाओं ने शहीदों को किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
शहीदी दिवस पर एबीवीपी का रक्तदान शिविर, युवाओं ने शहीदों को किया नमन


कठुआ, 23 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कठुआ की ओर से शहीदी दिवस के उपलक्ष्य पर सोमवार को राजकीय डिग्री कॉलेज कठुआ में त्रिमूर्ति बलिदान दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा विद्यार्थियों ने रक्तदान कर शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की।

रक्तदान शिविर में भाग लेते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि आज देश में जो आजादी और स्वतंत्र वातावरण हमें मिला है, वह इन महान शहीदों के बलिदान का ही परिणाम है। युवाओं ने बताया कि रक्तदान के माध्यम से वे न केवल शहीदों को नमन कर रहे हैं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों की मदद का भी संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई बार अस्पतालों में गरीब परिवारों को समय पर रक्त नहीं मिल पाता, ऐसे में इस तरह के शिविर जरूरतमंदों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं। युवाओं ने यह भी कहा कि जिस प्रकार वीर सपूतों ने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर किए, उसी भावना से प्रेरित होकर वे रक्तदान कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इस अवसर पर जीएमसी कठुआ के प्रिंसिपल डॉ. सुरिंद्र कुमार अत्री सहित जीडीसी कठुआ के प्रिंसिपल, प्राध्यापकगण और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story