हाइड्रोलिक लिफ्ट से लैस वाहन बुजुर्गों की सेवा के लिए दान की

WhatsApp Channel Join Now
हाइड्रोलिक लिफ्ट से लैस वाहन बुजुर्गों की सेवा के लिए दान की


जम्मू, 01 जून (हि.स.)। वृद्ध आश्रम जम्मू को वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा और कल्याण के लिए समाजसेवी वीरेंद्र सेठी द्वारा विशेष रूप से संशोधित मारुति सुजुकी ईको वाहन दान किया गया। इस वाहन की खासियत इसमें लगाया गया स्वचालित हाइड्रोलिक लिफ्टिंग प्लेटफॉर्म है, जिससे वृद्ध एवं शारीरिक रूप से कमजोर निवासी सुरक्षित और सम्मानजनक ढंग से वाहन में चढ़-उतर सकेंगे। आश्रम प्रबंधन ने बताया कि कई बुजुर्गों को आयु, बीमारी और सीमित गतिशीलता के कारण अस्पतालों और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। यह विशेष वाहनयू उनकी चिकित्सीय यात्राओं और अन्य आवश्यक आवागमन को अधिक सुगम बनाएगा।

आश्रम प्रबंधन ने वीरेंद्र सेठी के इस योगदान को केवल वाहन दान नहीं, बल्कि बुजुर्गों की वास्तविक जरूरतों को समझते हुए किया गया संवेदनशील और दूरदर्शी प्रयास बताया। वाहन को औपचारिक रूप से आश्रम के अध्यक्ष ई. पंकज गुप्ता, सचिव डॉ. दिनेश गुप्ता तथा प्रबंधन समिति के सदस्य राजिंदर सिंह और सतपाल शर्मा ने प्राप्त किया। इस अवसर पर आश्रम प्रबंधन ने वीरेंद्र सेठी को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशंसा स्मृति-चिह्न और आभार प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। प्रबंधन ने उनके इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story