सांबा और कठुआ में हेरोइन के साथ पकड़े गए तीन लोगों में एक किशोर भी शामिल
जम्मू, 10 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सांबा और कठुआ जिलों में हेरोइन के साथ तीन संदिग्ध ड्रग तस्करों को पकड़ा गया जिनमें एक 17 साल का लड़का भी शामिल है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि इस किशोर को रविवार देर शाम सांबा के बारी ब्राह्मणा इलाके में बलोले खड्ड से जेडीए कॉलोनी की ओर मोटरसाइकिल से जाते समय रोका गया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान उसके पास से 3.36 ग्राम हेरोइन बरामद की गई और मोटरसाइकिल के साथ नशीला पदार्थ भी ज़ब्त कर लिया गया।
अधिकारी ने कहा कि किशोर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उसे सक्षम अधिकारी के सामने पेश किया गया और फिर जम्मू के आर.एस. पुरा स्थित ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया।
एक अन्य मामले में पुलिस ने रविवार देर रात कठुआ जिले के बिल्लावर इलाके के गलाक में तलाशी के दौरान दो नशीले पदार्थों के तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 23 ग्राम हेरोइन ज़ब्त की। उन्होंने गिरफ्तार तस्करों की पहचान मजलटा (उधमपुर) के पवन देव सिंह और मकवाल-रामकोट (कठुआ) के नरेश सिंह के तौर पर की और बताया कि उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

