जम्मू-कश्मीर के मेंढर में भूस्खलन से एक स्कूल और कई घर हुए क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now


पुंछ,02 अगस्त(हि.स.)। पुंछ जिले की मेंढर तहसील के सरोती जबरान गांव में ज़बरदस्त भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ है। यहां एक स्कूल और कई घर गिर चुके हैं जबकि बाकी कई घरों में धीरे-धीरे दरारें पड़ रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार ज़मीन खिसकने की घटना पिछले कई दिनों से धीरे-धीरे हो रही थी लेकिन अब स्थिति बहुत गंभीर हो गई है क्योंकि ज़मीन लगातार खिसक रही है।

जानकारी के मुताबिक पूरी बस्ती पर खतरा मंडरा रहा है और आशंका है कि आने वाले दिनों में और भी घर गिर सकते हैं। प्रभावित लोग डर और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं खासकर ज़मीन के लगातार खिसकने और उनके घरों में बढ़ती दरारों की वजह से।

निवासियों ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से अपील की है कि वे तुरंत स्थिति का जायजा लें और किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगह पर पहुंचाने के लिए तत्काल कदम उठाएं। उन्होंने मेंढर के सभी राजनीतिक नेताओं और जन-प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे आगे आएं और इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करें।

निवासियों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि वे आपातकालीन आधार पर मौके पर एक विशेषज्ञ टीम भेजें, प्रभावित इलाके का विस्तृत जायजा लें और खतरे की जद में आए पूरे इलाके के लोगों को सुरक्षित जगह पर बसाने के लिए तत्काल इंतजाम करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story