‘संडे थिएटर’ में नटरंग का सशक्त मंचन “घोटाला” ने भ्रष्ट व्यवस्था पर किया तीखा प्रहार

WhatsApp Channel Join Now
‘संडे थिएटर’ में नटरंग का सशक्त मंचन “घोटाला” ने भ्रष्ट व्यवस्था पर किया तीखा प्रहार


जम्मू, 01 मार्च (हि.स.)। जम्मू के रानी पार्क में आयोजित साप्ताहिक ‘संडे थिएटर’ श्रृंखला के अंतर्गत नटरंग ने हिंदी नाटक “घोटाला” का प्रभावशाली मंचन किया।

इस नाटक का लेखन एवं निर्देशन प्रसिद्ध रंगकर्मी नीरज कांत ने किया। नाटक में आज के युवाओं की उस निराशा और आक्रोश को दर्शाया गया, जो भ्रष्टाचार, घोटालों और बेईमानी से ग्रस्त व्यवस्था के कारण पनप रहा है। कहानी में दिखाया गया कि किस प्रकार आम जनता भी अनजाने में इस भ्रष्ट तंत्र की भागीदार बन जाती है। एक फल विक्रेता का शोषण, बाजार में बढ़ती महंगाई और आम आदमी पर पड़ता आर्थिक बोझ व्यवस्था की खामियों को उजागर करता है।

एक दृश्य में तत्काल रेल टिकटों की कालाबाजारी को दर्शाते हुए बताया गया कि अधिकारियों की मिलीभगत से दलाल कैसे आम यात्रियों का शोषण करते हैं। वहीं चुनावी समय में उपहार बांटकर वोट पाने की प्रवृत्ति और रिश्वतखोरी के जरिए निजी लाभ उठाने वाले पात्रों के माध्यम से समाज की सच्चाई को मंच पर जीवंत किया गया। नाटक का चरम तब आता है जब एक भ्रष्ट अधिकारी अपने ही घर में चोरी की घटना से सबक लेता है और अंततः रिश्वत न लेने-देने की शपथ लेता है।

अभिनेताओं आदेश धर, शीतल सेन, विशाल शर्मा, कुशल भट्ट और कार्तिक कुमार ने अपने सशक्त अभिनय से दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। नाटक ने अंत में भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story