तिरंगा मार्च और ‘वंदे मातरम्’ गायन के जरिए विद्यार्थियों को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
तिरंगा मार्च और ‘वंदे मातरम्’ गायन के जरिए विद्यार्थियों को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश


जम्मू, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय सेना की ओर से राजकीय मिडिल स्कूल धारारा, डोडा में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के साथ उन्हें स्वतंत्रता दिवस और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के महत्व से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में स्कूल के 54 विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन, तिरंगा मार्च और संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। संवाद के दौरान विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और योगदान को याद करने के लिए प्रेरित किया गया।

तिरंगा मार्च और ‘वंदे मातरम्’ के गायन ने विद्यार्थियों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को मजबूत किया। विद्यार्थियों एवं स्टाफ की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने एकता और राष्ट्रीय भावना का संदेश दिया। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय सेना ने विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करते हुए युवा पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया। साथ ही स्कूल समुदाय और स्थानीय लोगों के साथ विश्वास, सद्भाव और सहयोग को मजबूत करने का अवसर भी मिला।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story