‘नशा करेगा बर्बाद, छोड़ो इसे हो जाओ आबाद’ नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
‘नशा करेगा बर्बाद, छोड़ो इसे हो जाओ आबाद’ नुक्कड़ नाटक के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश


जम्मू, 03 अगस्त (हि.स.)। एक साथ रंग मंडल ने अपने 528वें मंडे थिएटर के तहत सोमवार को रिहाड़ी चुंगी स्थित जेएमसी पार्क में ‘नशा करेगा बर्बाद, छोड़ो इसे हो जाओ आबाद’ शीर्षक से प्रगतिशील नुक्कड़ नाटक का मंचन किया। नाटक का उद्देश्य युवाओं और आम लोगों को नशे की लत के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज का संदेश देना था। इस अवसर पर सेवानिवृत्त क्लीनिकल असिस्टेंट एवं समाजसेवी डॉ. दर्शन लाल ने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं बल्कि उसके पूरे परिवार को प्रभावित करती है। उन्होंने बताया कि नशे के कारण अपराधबोध, भय, अकेलापन, अवसाद और चिंता जैसी मानसिक समस्याओं के साथ-साथ लीवर, किडनी और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है जिसका समय रहते विशेषज्ञों की मदद से उपचार आवश्यक है।

डॉ. दर्शन लाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि पारिवारिक सहयोग, जागरूकता और समय पर उपचार से इस समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हेरोइन जैसे मादक पदार्थ अत्यधिक नशे की लत पैदा करते हैं और कई मामलों में जानलेवा भी साबित हो सकते हैं। उन्होंने साथियों के दबाव, मानसिक तनाव, अकेलेपन और पारिवारिक परिस्थितियों को भी नशे की लत के प्रमुख कारणों में बताया।

नुक्कड़ नाटक में शालिजा और विजय मल्ला ने प्रभावशाली अभिनय कर दर्शकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया। कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने सराहा और ऐसे जनजागरूकता अभियानों को समाज के लिए आवश्यक बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story