नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now

पुंछ, 01 अप्रैल (हि.स.)। नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पुलिस पुंछ ने एनडीपीएस एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत लाखों की संपत्ति जब्त करके नशा-अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ दी है।

पुलिस स्टेशन पुंछ में एनडीपी एस एक्ट की धारा 8/21/22 के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 178/2025 के सिलसिले में कार्रवाई करते हुए रजिस्ट्रेशन नंबर जेके12- बी 0436 वाली एक बोलेरो गाड़ी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत जब्त कर लिया है। यह गाड़ी आरोपी मुमताज अहमद खान पुत्र मोहम्मद नसीर खान, निवासी गांव इस्लामाबाद जिला पुंछ के नाम पर रजिस्टर्ड है।

शुरुआती जांच में आरोपी का एक सुनियोजित सीमा-पार नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क में शामिल होना सामने आया है। जब्त की गई गाड़ी को इस अवैध व्यापार में एक अहम लॉजिस्टिक साधन के तौर पर पहचाना गया है इसकी कीमत लाखों में होने का अनुमान है, जो नशा सिंडिकेट के आर्थिक संसाधनों पर एक बड़ा प्रहार है।

यह कार्रवाई जिला पुलिस पुंछ की रणनीति में आए एक बदलाव को दर्शाती है जिसके तहत अब न सिर्फ अपराधियों को निशाना बनाया जा रहा है बल्कि अपराध से अर्जित संपत्ति को भी जब्त किया जा रहा है जिससे नशीले पदार्थों की तस्करी को बढ़ावा देने वाले आर्थिक तंत्र को पंगु बनाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

Share this story