लगातार भारी बारिश के कारण उधमपुर जिले में देवाल पुल के पास जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का एक बड़ा हिस्सा धंसा

WhatsApp Channel Join Now


उधमपुर 3 जुलाई (हि.स.)। लगातार भारी बारिश के कारण उधमपुर जिले में देवाल पुल के पास जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है और नदी का पानी सड़क के किनारे तेज़ी से बह रहा है। इससे इस सप्ताह क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान की सूची में एक और कड़ी जुड़ गई है क्योंकि अचानक आई बाढ़ ने मुनावेर नदी पर नवनिर्मित कल्लर-अंड्रोला पुल के एक हिस्से को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है।

लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा निर्मित यह पुल निर्माण के अंतिम चरण में था और अभी तक जनता के लिए खोला नहीं गया था। कल्लर-अंड्रोला पुल एक बहुप्रतीक्षित परियोजना थी जिसके निर्माण की मांग स्थानीय निवासी 10 वर्षों से अधिक समय से कर रहे थे।

पुल के निर्माण से पहले निवासी नदी पार करने के लिए झूले का उपयोग करते थे। हालांकि 2014 की विनाशकारी बाढ़ में इसका मार्ग बह गया था।

----

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story