जम्मू तवी में विसर्जित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे
जम्मू, 26 मार्च (हि.स.)।
पूरे भारत में जहां नवरात्रि का उत्सव चल रहा है वहीं आज अष्टमी और कल दोपहर तक रामनवमी मनाई जाएगी। इसी के चलते जम्मू में लोगों ने अपने घरों में खेत्री उगाई हुई है जिसे आज अष्टमी और कल रामनवमी के अवसर पर जम्मू तवी में विसर्जित करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।
इस दौरान कई लोग जल्दबाजी में अपने चार पहिया और दो पहिया वाहनों को सड़क पर गलत तरीके से खड़ा कर देते हैं जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन जाती है। इस स्थिति की गंभीरता को समझते हुए जम्मू साउथ ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डीएसपी स्वयं पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही हैं। साथ ही एक विशेष नाका लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी व्यक्ति बिना वैध कागजात के वाहन न चला रहा हो और कोई भी वाहन गलत तरीके से पार्क न किया गया हो।
इस नाके के दौरान कई वाहनों जिनमें मेटाडोर और दोपहिया वाहन शामिल थे को रोककर उनके कागजात जांचे गए। जिन वाहनों के कागजात पूरे पाए गए, उन्हें जांच के बाद जाने दिया गया जबकि जिनके कागजात अधूरे थे उनके चालान किए गए।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य ट्रैफिक जाम की स्थिति को नियंत्रित करना और आम जनता को किसी भी असुविधा से बचाना है। इस दौरान डीएसपी ने लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

