जेकेपीएसए प्रतिनिधिमंडल ने सीईओ से की शिष्टाचार भेंट, निजी स्कूलों और शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा
जम्मू, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन (जेकेपीएसए) की सांबा इकाई के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में नव-नियुक्त मुख्य शिक्षा अधिकारी (सीईओ) सांबा यश पाल शर्मा से शिष्टाचार भेंट की और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर जिले की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जेकेपीएसए के जिला अध्यक्ष प्रदीपक सांब्याल ने किया। बैठक के दौरान निजी शिक्षण संस्थानों और शिक्षा विभाग के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ यश पाल शर्मा ने 24 जनवरी 2026 को आयोजित तिरंगा रैली में निजी स्कूलों की सराहनीय भागीदारी की प्रशंसा की जिसमें 8,000 से अधिक प्रतिभागियों ने रानी सुचेतगढ़ स्टेडियम से सांबा किला तक मार्च किया था। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक स्तर को ऊंचा उठाने के लिए आपसी सहयोग और प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है।
बैठक में जेकेपीएसए के विभिन्न पदाधिकारियों ने प्रशासनिक मुद्दे भी उठाए। केंद्रीय निकाय के प्रचार सचिव गौरव चाढ़क ने राष्ट्रीय कार्यक्रमों की पूर्व सूचना समय पर जारी करने और जिला स्तरीय बैठकों में निजी स्कूल प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग रखी। जिला अध्यक्ष प्रदीपक सांब्याल ने परीक्षाओं के सुचारू संचालन और परिणामों की शीघ्र पुष्टि की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं महासचिव विशाल सिंह जम्वाल ने यूडीआईएसई पोर्टल पर छात्रों के डेटा संशोधन (एसओ2 और एसओ3 फॉर्म) की प्रक्रिया को सरल और तेज करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष शबीर मलिक, तरसेम लाल, शिव चरण, गुरदयाल और राजेश कुमार सहित अन्य प्रमुख सदस्य भी उपस्थित रहे। बैठक का समापन छात्र हित और शिक्षा की गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए भविष्य में मिलकर कार्य करने की आपसी प्रतिबद्धता के साथ हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

