बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक आदतन अपराधी को पीएसए के तहत भेजा गया जेल

WhatsApp Channel Join Now

डोडा, 09 नवंबर (हि.स.)। बार-बार आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में एक आदतन अपराधी को लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत गिरफ्तार कर भदरवाह जेल भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रियाज अहमद के खिलाफ पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न आपराधिक कृत्यों के लिए कानून की धाराओं के तहत पांच मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि वह डोडा जिले की मोहल्ला तहसील के काकरियाल जठेली का निवासी है। इन मामलों में शांति भंग करना, दंगा, मारपीट, संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, जानबूझकर चोट पहुंचाना, उपद्रव, अवैध रूप से रोकना और अवज्ञा करना शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि पीएसए की धाराओं के तहत निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार हिरासत का आदेश दिया गया था और आरोपी को भदरवाह जिला जेल में रखा गया है।

डोडा पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने और गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना निकटतम पुलिस स्टेशन में देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story