21 जून को बाग-ए-बाहु स्थित देवस्थान में लगेगी खजूरिया बिरादरी का भव्य मेल

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 12 जून (हि.स.)। खजूरिया बिरादरी का अर्धवार्षिक मेल आगामी 21 जून रविवार को बाग-ए-बाहु स्थित देवस्थान में श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया जाएगा। मेल के आयोजन को लेकर श्री बाबा अम्बो स्मारक समिति की एक बैठक देवस्थान परिसर में समिति के अध्यक्ष अजीत खजूरिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष यशपाल खजूरिया सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में जम्मू-कश्मीर और पड़ोसी राज्यों से लगभग 30 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु कुलदेवता बाबा अम्बो जी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए मेल में पहुंचेंगे।

समिति के अनुसार धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत कुलदेव पूजन से होगी जिसके बाद सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत सुबह 10 बजे से श्रद्धालुओं के लिए प्रीति भोज (सामूहिक भंडारे) का आयोजन किया जाएगा। मेल के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया जाएगा जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच की जाएगी तथा जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां वितरित की जाएंगी।

बैठक में सुधर्शन खजूरिया, अनिल खजूरिया, सुभाष शास्त्री, सुधाकर खजूरिया, बिमल खजूरिया, अजय खजूरिया, मोहिंदर खजूरिया, विनोद खजूरिया, राधे श्याम खजूरिया, सौरव खजूरिया, रवि खजूरिया, चमन खजूरिया, कुलदीप खजूरिया, कुलभूषण खजूरिया, रामपाल खजूरिया, राजेश खजूरिया सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। समिति के पदाधिकारियों ने खजूरिया बिरादरी के सभी लोगों से बड़ी संख्या में मेल में शामिल होकर कुलदेवता बाबा अम्बो जी का आशीर्वाद प्राप्त करने और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story