गोविंदसर स्थित अमन पेपर मिल में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
गोविंदसर स्थित अमन पेपर मिल में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग, लाखों का नुकसान


कठुआ, 25 फरवरी (हि.स.)। कठुआ के औद्योगिक क्षेत्र गोविंदसर में स्थित अमन पेपर मिल में बुधवार शाम करीब 4 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक आग लग गई जिससे इकाई को लाखों रुपये का नुकसान हुआ। आग लगते ही इकाई प्रबंधन ने तुरंत दमकल विभाग कठुआ को सूचना दी।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। इकाई प्रबंधन के अनुसार पेपर मिल में गन्ने के बेस्ट (अपशिष्ट) का उपयोग किया जाता है जिसमें अचानक आग लगने के बाद वह तेजी से फैल गई और पूरे क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई थी।

हैरानी की बात यह रही कि पेपर मिल जैसी संवेदनशील इकाई में आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम मौजूद नहीं थे। शुरुआती समय में पास की एक अन्य इकाई ने अपने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग तेजी से फैलने लगी। बाद में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। अब यह जांच का विषय है कि पेपर मिल में आवश्यक अग्निशमन यंत्र लगे थे या नहीं और यदि लगे थे तो समय पर उनका उपयोग क्यों नहीं हो पाया। पेपर मिल जैसी इकाइयों में अग्नि सुरक्षा उपकरण होना अनिवार्य होता है, ऐसे में इस मामले की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story