हमीरपुर नवां के प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की भूमि बचाने के लिए बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं शुरू करने की उठाई मांग
जम्मू, 11 जुलाई (हि.स.)। अखनूर जिले की पंचायत हमीरपुर नवां के एक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा मुख्यालय जम्मू में भाजपा जम्मू-कश्मीर के महामंत्री एवं पूर्व डिप्टी मेयर बलदेव सिंह बिलावरिया तथा बाहु विधानसभा क्षेत्र के विधायक चौधरी विक्रम रंधावा से मुलाकात कर चिनाब नदी के लगातार बढ़ते कटाव से उत्पन्न स्थिति पर चिंता जताई।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा किसान मोर्चा जम्मू-कश्मीर के प्रदेश अध्यक्ष राकेश पंत और जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह ने किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि चिनाब नदी के कटाव के कारण किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि, बाग-बगीचे, संपर्क सड़कें तथा अन्य सार्वजनिक एवं निजी संपत्तियां लगातार प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो क्षेत्र की कृषि, ग्रामीण आधारभूत संरचना और लोगों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर स्थायी बाढ़ सुरक्षा एवं कटाव-रोधी परियोजनाएं शुरू करने की मांग की।
बलदेव सिंह बिलावरिया ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस जनसमस्या को संबंधित विभागों और सक्षम अधिकारियों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के मुख्य अभियंता से भी बातचीत कर प्रभावित क्षेत्र का शीघ्र तकनीकी निरीक्षण कराने और आवश्यक बाढ़ सुरक्षा उपाय शुरू करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसानों की भूमि और आजीविका की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस मुद्दे को भाजपा जम्मू-कश्मीर अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा के संज्ञान में भी लाया जाएगा। विधायक चौधरी विक्रम रंधावा ने कहा कि चिनाब नदी का बढ़ता कटाव केवल कृषि भूमि ही नहीं बल्कि क्षेत्र के बुनियादी ढांचे, ग्रामीण संपर्क मार्गों और स्थानीय आबादी की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाकर प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

