आस्था उत्साह और एकता का संगम-कठुआ में धूमधाम से निकली भव्य रामनवमी शोभायात्रा

WhatsApp Channel Join Now
आस्था उत्साह और एकता का संगम-कठुआ में धूमधाम से निकली भव्य रामनवमी शोभायात्रा


कठुआ, 27 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के पावन अवसर पर कठुआ शहर में धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त सहयोग से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। शोभायात्रा रामलीला मैदान से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः रामलीला मैदान में संपन्न हुई।

इस अवसर पर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। शोभायात्रा रामलीला मैदान से निकलकर ओल्ड सुपर बाजार, कॉलेज मार्ग, शहीदी चैक, अंबेडकर पुल, ओल्ड बस स्टैंड और जराई चैक से होते हुए वापस अपने समापन स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा लंगर, फल, पानी एवं अन्य सेवाओं के स्टॉल लगाए गए, जहां श्रद्धालुओं की सेवा की गई। पूरे मार्ग पर भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। शोभायात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों के राम नाटक क्लबों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जो मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। भगवान राम, लक्ष्मण और माता सीता की वेशभूषा में कलाकारों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया, जिनके दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। खास बात यह रही कि इस धार्मिक आयोजन में सभी समुदायों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और एकता व भाईचारे का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story