अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही एक बस की दो अन्य वाहनों से टक्कर, दो अधिकारी घायल
रामबन, 09 जून (हि.स.)। मंगलवार को रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही एक बस की दो अन्य वाहनों से टक्कर हो गई जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के दो अधिकारी घायल हो गए। घायल कर्मियों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच अधिकारियों ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू से अनंतनाग के लिए बीएसएफ कर्मियों को ले जा रही एक बस पहले एक यात्री वाहन मारुति एर्टिगा से टकराई और फिर व्यस्त राजमार्ग पर पीराह के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। अधिकारियों ने बताया कि सहायक सब-इंस्पेक्टर संजीत कुमार और हेड कांस्टेबल अरवीन कुमार को दुर्घटना में मामूली चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए रामबन जिला अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा और प्रभावित हिस्सा आंशिक रूप से कुछ समय तक बंद रहा। क्षतिग्रस्त वाहनों को बाद में सड़क से हटा दिया गया और मार्ग पर सामान्य यातायात बहाल कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

