कठुआ में 92 फीसदी आभा पंजीकरण पूरा, 131 गांवों में टीबी स्क्रीनिंग
कठुआ, 27 अगस्त (हि.स.)। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने गुरुवार को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन और राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में 92 प्रतिशत आभा पंजीकरण पूरा हो चुका है। डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत डॉक्टरों, नर्सों, स्वास्थ्य कर्मियों, स्वास्थ्य संस्थानों और फार्मेसियों के पंजीकरण की प्रक्रिया भी जारी है।
उपायुक्त ने छूटे हुए लोगों और संबंधित हितधारकों को एबीडीएम के लाभों की जानकारी देने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए। एनटीईपी की समीक्षा के दौरान जिला टीबी अधिकारी ने बताया कि जिले में 131 हाई रिस्क गांवों की पहचान की गई है जहां टीबी की जल्द पहचान और समय पर उपचार के लिए स्क्रीनिंग शिविर लगाए जा रहे हैं। उपायुक्त ने इन शिविरों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय प्रतिनिधियों को शामिल करने तथा एडीसी और एसडीएम को प्रभावी जनसहयोग जुटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों से जेके सेहत ऐप डाउनलोड कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

