विद्यार्थियों को करियर विकल्पों की दी जानकारी, 85 विद्यार्थियों ने भाग लिया
जम्मू, 25 सितंबर (हि.स.)। भारतीय सेना की ओर से राजौरी जिले के नौशेरा स्थित राजकीय ब्वॉयज हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘लाइव ए लाइफ लेस ऑर्डिनरी- ज्वाइन इंडियन आर्मी’ विषय पर प्रेरक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय सेना में करियर के विभिन्न अवसरों और प्रवेश योजनाओं की जानकारी देना था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑफिसर एंट्री, अग्निवीर एंट्री स्कीम, परमानेंट कमीशन और शॉर्ट सर्विस कमीशन सहित विभिन्न विकल्पों और उनके लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यताओं के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान ‘ए लाइफ लेस ऑर्डिनरी’ के कुछ अंश भी प्रदर्शित किए गए जिनमें सेना में करियर से जुड़े साहसिक अनुभव, पेशेवर विकास, टीम भावना और राष्ट्र सेवा के अवसरों को दर्शाया गया।
सेना के प्रतिनिधि ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए भर्ती प्रक्रिया और करियर विकल्पों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में 85 विद्यार्थियों और सात शिक्षकों समेत कुल 92 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को चुनौतीपूर्ण करियर विकल्पों पर विचार करने और सेना में उपलब्ध विभिन्न अवसरों की जानकारी हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

