7वीं जिला पेनचक सिलाट चैंपियनशिप का समापन

WhatsApp Channel Join Now
7वीं जिला पेनचक सिलाट चैंपियनशिप का समापन


जम्मू, 28 मई (हि.स.)। 7वीं जिला सांबा पेनकैक सिलाट चैंपियनशिप 2026 का समापन वीरवार को इंडोर स्टेडियम सांबा में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। प्रतियोगिता में जिले भर के विभिन्न स्कूलों, क्लबों और अकादमियों से आए 500 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस चैंपियनशिप का आयोजन पेनकैक सिलाट एसोसिएशन सांबा द्वारा माय भारत, युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा नेशनस डेवेलपमेंट एसोसिएशन के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नितिन हांगलू उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. समर देव सिंह चरक, विवेक कुमार, सुशील सिंह चरक, पूर्व डीडीसी शिल्पा दुबे तथा इंडोर स्टेडियम सांबा के प्रबंधक शामिल रहे।

अपने संबोधन में अतिथियों ने युवाओं के जीवन में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल एक अनुशासित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज के निर्माण में अहम योगदान देते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर मेहनत करने और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

चैंपियनशिप में कई खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में नार्या, विधि, आर्युश, भूपिंदर, आशीष शर्मा, आर्यन जमवाल, परनव सिंह, विहा राजपूत, माणिक शर्मा, रिधान शर्मा, संचिता और आराध्या माथुर शामिल रहे। सभी विजेताओं को समापन समारोह के दौरान पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर नितिन हंगलू ने माय भारत की सोच और उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था युवाओं को खेल, नेतृत्व, स्वयंसेवा और सामाजिक भागीदारी के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए मजबूत मंच प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक भागीदारी समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम का संचालन इवेंट आयोजक अजय शर्मा की देखरेख में किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story