जीएमसी के नॉन गैजेटेड कर्मचारियों का 72 घंटे का प्रदर्शन जारी, एसआरआर अधिसूचित करने की मांग
कठुआ, 17 नवंबर (हि.स.)। जीएमसी कठुआ के नॉन गैजेटेड कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को दूसरे दिन भी 72 घंटे का शांतिपूर्ण प्रदर्शन जारी रखा। कर्मचारी सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स (एसआरआर) को जल्द अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने, डीपीसी के माध्यम से नियमित पदोन्नति देने और वेतन विसंगतियों को दूर करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के अनुसार सात वर्षों से अधिक समय से सेवाएं देने के बावजूद एसआरआर अधिसूचित नहीं होने के कारण उन्हें पदोन्नति और सेवा संबंधी लाभों को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि 30 सितंबर तक भर्ती नियम अधिसूचित करने का आश्वासन दिया गया था लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन के चलते आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर वैकल्पिक ऑपरेशन थिएटर और ओपीडी पंजीकरण सेवाएं प्रभावित रहीं। कर्मचारियों ने उपराज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर उनकी मांगों का समाधान करवाने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि 72 घंटे के भीतर ठोस समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन रूप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

