70 वर्षीय जना बेगम की निर्मम हत्या के आरोप में उनकी बहू गिरफ्तार
पुलवामा, 18 नवंबर (हि.स.)। परिगम हत्याकांड में एक चौंकाने वाला मोड़ आया है। पुलवामा पुलिस ने 70 वर्षीय जना बेगम की निर्मम हत्या के आरोप में उनकी बहू को गिरफ्तार कर लिया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान पुलवामा के परिगम निवासी जावेद अहमद की पत्नी बिलकिसा अख्तर के रूप में हुई है। उसे पुलवामा पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर संख्या 211/26 के तहत गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले पुलवामा पुलिस ने इसी मामले में 11 नवंबर को मुख्य आरोपी इमरान बशीर मीर निवासी परिगम को गिरफ्तार किया था। 70 वर्षीय जना बेगम 19 अक्टूबर, 2026 की सुबह परिगम स्थित अपने घर में मृत पाई गईं उनका गला कटा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि हमलावर सुबह करीब 5 बजे घर में घुसे उस समय उनका बेटा पास की मस्जिद में फज्र की नमाज अदा कर रहा था।
इस निर्मम हत्या से पूरे परिगम इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि बहू की भूमिका और मुख्य आरोपी से उसके संबंध की जांच की जा रही है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

