सरकारी शिक्षा महाविद्यालय में 7 दिवसीय एनएसएस शीतकालीन शिविर 2026 का शुभारंभ
जम्मू, 23 फ़रवरी (हि.स.)। सरकारी शिक्षा महाविद्यालय में सोमवार को 7 दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शीतकालीन शिविर 2026 का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में एनएसएस स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। शिविर का आयोजन एनएसएस के मूल मंत्र “नॉट मी, बट यू” के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और सामुदायिक सेवा की भावना विकसित करना है। उद्घाटन समारोह की शुरुआत संकाय सदस्यों के स्वागत संबोधन से हुई जिसके पश्चात शिविर की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का प्रारंभ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ जिससे प्रतिभागियों में उत्साह और एकता का वातावरण बना। उद्घाटन सत्र के दौरान सभी स्वयंसेवकों को अल्पाहार भी प्रदान किया गया।
सप्ताहभर चलने वाले इस शिविर में सिविल डिफेंस प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे जिनमें आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन प्रतिक्रिया और व्यक्तिगत सुरक्षा से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर स्वच्छता अभियान, सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम, पर्यावरण जागरूकता गतिविधियाँ और “वेस्ट टू वंडर” जैसी रचनात्मक पहलें भी शामिल हैं। खेल एवं मनोरंजन गतिविधियों में रस्साकशी, रिले रेस, ट्रेजर हंट, योग सत्र और मिनी स्पोर्ट्स टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे। समूह चर्चा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और टीम-बिल्डिंग अभ्यास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करेंगे। शिविर के सफल समापन पर सक्रिय प्रतिभागियों को आधिकारिक एनएसएस प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

