जीडीसी बसोहली में 7 दिवसीय एनएसएस शीतकालीन शिविर 2026 का शुभारंभ
कठुआ/बसोहली, 20 फरवरी (हि.स.)। सरकारी डिग्री कॉलेज बसोहली के एनएसएस इकाई द्वारा कॉलेज परिसर में 7 दिवसीय शीतकालीन विशेष शिविर 2026 का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। शिविर का आयोजन “विकसित भारत के लिए नशा मुक्त भारत” थीम के तहत किया जा रहा है जिसका उद्देश्य स्वयंसेवकों में सामाजिक जिम्मेदारी, सामुदायिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवक ममता देवी ने सरस्वती वंदना पर सुंदर नृत्य प्रस्तुति दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोशन लाल ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता रैलियां, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता सत्र, व्यक्तित्व विकास और सामुदायिक सेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान स्वयंसेवकों ने एनएसएस के इतिहास और “नाट मी बट यू” के मूल मंत्र की जानकारी दी तथा “नशा मुक्त भारत” विषय पर नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में प्राचार्य प्रो. राज किरण शर्मा ने युवाओं के चरित्र निर्माण और सामाजिक सेवा में एनएसएस की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए छात्रों से नशा मुक्ति अभियान के जागरूक दूत बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन स्वयंसेवकों ने किया, जबकि अंत में प्रो. विशाल शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

