6 साल की कमी खत्म-जल शक्ति विभाग में 269 जूनियर इंजीनियरों की नियुक्ति, कामकाज को मिलेगी रफ्तार
जम्मू, 01 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने जल शक्ति विभाग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 269 जूनियर इंजीनियरों की नियुक्ति की है। लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी को दूर करने के लिए यह फैसला अहम माना जा रहा है, जिससे विभाग की कार्यक्षमता और फील्ड स्तर पर काम में तेजी आने की उम्मीद है।
पिछले 5-6 वर्षों से विभाग में भर्ती और पदोन्नति प्रक्रियाएं ठप पड़ी थीं, वहीं कई वरिष्ठ अधिकारीकृमुख्य अभियंता और सुपरिंटेंडिंग इंजीनियरकृसेवानिवृत्त हो चुके थे। इससे विभाग के कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ रहा था। नई नियुक्तियां जम्मू-कश्मीर आरक्षण नियमों के तहत विभिन्न श्रेणियों में की गई हैं। इनमें 138 पद ओपन मेरिट (ईडब्ल्यूएस सहित), 25 आरबीए, 29 एसटी-1, 22 एसटी-2, 21 एससी, 22 ओबीसी और 12 एएलसी श्रेणी में भरे गए हैं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार ने विभागों में स्टाफ की कमी को प्राथमिकता के तौर पर चिन्हित किया।
जल शक्ति विभाग में हालात को देखते हुए प्रभारी मंत्री जावेद अहमद राणा ने भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के लिए ठोस कदम उठाए। मंत्री राणा ने प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए कुछ प्रक्रियात्मक नियमों में ढील देने का प्रस्ताव रखा, जिसे मंत्रिपरिषद ने मंजूरी दे दी। इसके बाद अतिरिक्त मुख्य सचिव शालीन काबरा को भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सरकार के इन प्रयासों के चलते 269 पदों पर रिकॉर्ड समय में नियुक्तियां पूरी की गईं। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुसार संपन्न कराई गई है। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से जल आपूर्ति योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी में सुधार होगा, जिससे आम जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

