जम्मू-कश्मीर में 5.73 लाख से अधिक अनुसूचित जनजाति-2 के प्रमाणपत्र जारी-सरकार

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 24 सितंबर (हि.स.)।जम्मू-कश्मीर सरकार ने गुरुवार को विधानसभा को सूचित किया कि केंद्र शासित प्रदेश में पहाड़ी जातीय समूह से संबंधित पात्र व्यक्तियों को 5,73,667 अनुसूचित जनजाति-2 (एसटी-2) प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं।

विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार जम्मू-कश्मीर के सभी 20 जिलों में कुल 5,73,667 एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं।

विधायक नरिंदर सिंह रैना द्वारा उठाए गए एक प्रश्न का उत्तर देते हुए राजस्व प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में पात्र व्यक्तियों को एसटी-2 प्रमाणपत्र जारी किए जा रहे हैं।

आंकड़ों से पता चला कि जम्मू मंडल में 5,04,007 प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं जबकि कश्मीर मंडल में 69,660 प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। आंकड़ों के अनुसार राजौरी में सबसे अधिक 3,01,091 अनुसूचित जनजाति (एसटी-II) प्रमाण पत्र जारी किए गए, इसके बाद कुपवाडा में 34,224, बारामूला में 29,635, पुंछ में 18,435 और किश्तवाड में 17,304 प्रमाण पत्र जारी किए गए।

आंकड़ों में आगे बताया गया है कि कश्मीर मंडल में गांदरबल में 1,018 प्रमाण पत्र, पुलवामा में 836, अनंतनाग में 1,290, शोपियां में 1,735, कुलगाम में 347, बडगाम में 336, बांदीपोरा में 193 और श्रीनगर में 46 प्रमाण पत्र जारी किए गए।

जम्मू मंडल के जम्मू जिले में 140 प्रमाण पत्र, उधमपुर में सात, रामबन में दो, सांबा में एक, डोडा में तीन, रियासी में 24 और कठुआ में शून्य प्रमाण पत्र जारी किए गए।

सरकार ने यह भी कहा कि जम्मू और कश्मीर में रहने वाले पहाड़ी जातीय समूह के पात्र व्यक्तियों को निर्धारित पात्रता मानदंडों के अनुसार प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story