लोक अदालत-878 मामलों पर हुई सुनवाई, 311 का निपटारा, 5.24 करोड़ रुपये की समझौता राशि जारी

WhatsApp Channel Join Now
लोक अदालत-878 मामलों पर हुई सुनवाई, 311 का निपटारा, 5.24 करोड़ रुपये की समझौता राशि जारी


कठुआ, 12 सितंबर (हि.स.)। जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण कठुआ के तत्वावधान में शनिवार को एडीआर सेंटर कोर्ट कॉम्प्लेक्स कठुआ में तीसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का आयोजन डीएलएसए कठुआ के चेयरमैन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कठुआ जतिंदर सिंह जमवाल के मार्गदर्शन में किया गया।

लोक अदालत के सुचारू संचालन के लिए कुल आठ पीठों का गठन किया गया। कठुआ जिला मुख्यालय के अलावा बिलावर, हीरानगर, महानपुर, बसोहली और बनी में भी पीठों ने मामलों की सुनवाई की। जिला मुख्यालय पर पहली पीठ में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जतिंदर सिंह जमवाल और अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रवीण पंडोह शामिल रहे। दूसरी पीठ में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कठुआ अजय शर्मा और विशेष मोबाइल मजिस्ट्रेट अमनदीप कौर तथा तीसरी पीठ में जिला मोबाइल मजिस्ट्रेट (टी) पूनम गुप्ता और मुंसिफ जेएमआईसी वीरेंद्र मगोत्रा ने मामलों का निपटारा किया।

लोक अदालत के दौरान कुल 878 मामलों को सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए लिया गया जिनमें से 311 मामलों का निपटारा किया गया। इन मामलों में समझौते के तहत कुल 5,24,99,727 रुपये की राशि जारी की गई। बिलावर, हीरानगर, महानपुर, बसोहली और बनी में गठित पीठों ने भी संबंधित क्षेत्रों के मामलों की सुनवाई की। लोक अदालत के माध्यम से मामलों के त्वरित एवं आपसी सहमति से समाधान पर जोर दिया गया। इस पहल से न्यायपालिका और जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण की वैकल्पिक विवाद समाधान व्यवस्था को बढ़ावा देने तथा आम जनता को समयबद्ध और सुलभ न्याय उपलब्ध करवाने की प्रतिबद्धता स्पष्ट होती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story