सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी, दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल

WhatsApp Channel Join Now
सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 25 लाख की ठगी, दो आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल


जम्मू, 29 अक्टूबर (हि.स.)। क्राइम ब्रांच जम्मू की आर्थिक अपराध शाखा ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से करीब 25 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में दो आरोपियों के खिलाफ जम्मू स्थित सब-जज की अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।

आरोपियों की पहचान अनंतनाग के डमहल निवासी पीरजादा अब्दुल हमीद और पुंछ जिले के मेंढर क्षेत्र के संग्योता निवासी मुनीर हुसैन के रूप में हुई है।

यह मामला पुलिस स्टेशन क्राइम ब्रांच जम्मू में एफआईआर नंबर 43/2019 के तहत रणबीर दंड संहिता की धारा 420 और 120-बी में दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच के अनुसार मामले की शुरुआत मुनीर हुसैन की शिकायत से हुई थी जिसमें उसने पीरजादा अब्दुल हमीद पर नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। अदालत के निर्देश पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इंस्पेक्टर मीनू शर्मा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता के रूप में सामने आया मुनीर हुसैन कथित तौर पर पीरजादा अब्दुल हमीद के साथ मिलीभगत कर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी दिलाने का लालच देता था और उनसे पैसे वसूलता था।

जांच एजेंसी के मुताबिक बाद में कथित जिम्मेदारी से बचने के लिए शिकायत दर्ज करवाई गई। गवाहों के बयानों और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद अदालत में चार्जशीट पेश की गई।

क्राइम ब्रांच की आर्थिक अपराध शाखा के एसएसपी ने आम जनता से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें और इस प्रकार की आर्थिक धोखाधड़ी होने पर इसकी सूचना क्राइम ब्रांच जम्मू को दें। पीड़ित अपनी शिकायत ईमेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story