अखनूर के टांडा में 204वें रक्षा पेंशन समाधान आयोजन की शुरुआत

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 07 अक्टूबर (हि.स.)।

पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से अखनूर के टांडा में 204वें रक्षा पेंशन समाधान आयोजन की शुरुआत हुई। दो दिवसीय आयोजन 7 और 8 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा रक्षा विभाग के असैनिक कर्मचारियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कार्यक्रम का उद्घाटन व्हाइट नाइट कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल मोहित सेठ और प्रधान रक्षा लेखा नियंत्रक प्रयागराज हिमांशु शंकर ने किया। इस अवसर पर 10 रैपिड (एच) के जीओसी मेजर जनरल वाई.एस. सेखों और प्रधान रक्षा लेखा नियंत्रक, उत्तरी कमान जम्मू रविनेश कुमार सहित वरिष्ठ सैन्य एवं पेंशन अधिकारी मौजूद रहे।

आयोजन में पेंशन, पारिवारिक पेंशन, सेवा अभिलेखों में सुधार और स्पर्श सहित डिजिटल पेंशन सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए एकल खिड़की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 36 विशेष सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां अभिलेख कार्यालय, ईसीएचएस, राज्य सैनिक बोर्ड, बैंक और विभिन्न सरकारी विभाग सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।

पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए पेंशन अधिकारों, कल्याणकारी योजनाओं, पुनर्वास और रोजगार के अवसरों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में निःशुल्क चिकित्सा शिविर की व्यवस्था की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story