बाबा जित्तो जी के सम्मान की मांग को लेकर झिडी मेले में बांटे 2000 संकल्प पत्र
जम्मू, 24 नवंबर (हि.स.)। शहीद किसान बाबा जित्तो जी के सम्मान और ऐतिहासिक पहचान को लेकर शहीद किसान बाबा जित्तो संघर्ष समिति की ओर से झिडी मेले में विशेष अभियान चलाया गया। बाबा जित्तो जी के पवित्र देवस्थान पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में करीब 2000 संकल्प पत्र वितरित किए गए। समिति के सदस्यों ने लोगों को बाबा जित्तो जी के संघर्ष, बलिदान और ऐतिहासिक योगदान की जानकारी देते हुए उनके सम्मान के लिए चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करने की अपील की।
समिति की प्रमुख मांगों में जम्मू स्थित कृषि विश्वविद्यालय का नाम बाबा जित्तो जी के नाम पर रखना, उनके इतिहास को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करना तथा बाबा जित्तो जी और बुआ कौड़ी जी के जीवन एवं विरासत पर संग्रहालय स्थापित करना शामिल है। समिति ने देवस्थान में बाबा जित्तो जी के नाम पर इंडोर स्टेडियम के निर्माण के लिए उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और प्रशासन का आभार जताया। साथ ही शेष मांगों को जल्द पूरा करने और झिडी मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर समिति की ओर से हर वर्ष की तरह श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाया गया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह जम्वाल, सरदार गुरजीत सिंह, गरु शर्मा, ठाकुर देव करण सिंह, विजय पांडे, अमन वर्मा और अमन शर्मा सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति ने कहा कि बाबा जित्तो जी को उनका उचित ऐतिहासिक और सामाजिक सम्मान दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

