19 जेकेएपी आईआर का स्वच्छता संग्राम-श्रमदान और पौधारोपण से दिया स्वच्छ व हरित गांव का संदेश
कठुआ, 18 जून (हि.स.)। कठुआ के बडाला गांव में 19 जेकेएपी आईआर द्वारा स्वच्छता अभियान का आयोजन बड़े उत्साह और समर्पण के साथ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल वातावरण को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में कमांडेंट अतुल शर्मा के नेतृत्व में बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने पूरे क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण अभियान भी आयोजित किया गया जिसमें गांव के सरपंच शुभ कर्णी, सेवानिवृत्त शिक्षक पूरण सिंह, राजिंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र बढ़ाने और लोगों में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया। स्थानीय ग्रामीणों विशेषकर युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी ने इस अभियान को और भी प्रभावी बनाया। कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट अतुल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि अनुशासन और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

