कठुआ पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई-144 ग्राम चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई-144 ग्राम चिट्टा बरामद, दो गिरफ्तार


कठुआ 16 नवंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने थाना लखनपुर क्षेत्र में दो अलग-अलग कार्रवाइयों के दौरान करीब 144 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में मादक पदार्थ जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की हैं।

जानकारी के अनुसार पहली कार्रवाई मग्गर खड्ड रोड पर की गई। विश्वसनीय सूत्र से मिली सूचना के आधार पर थाना लखनपुर की पुलिस टीम ने नाकेबंदी कर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे सलीम खान पुत्र अली हुसैन निवासी जराई तहसील एवं जिला कठुआ को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से करीब 135 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर मादक पदार्थ जब्त कर लिया। इस संबंध में थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 157/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं दूसरी कार्रवाई कीड़ियां इलाके में की गई। यहां पुलिस टीम ने पंजाब की ओर से कीड़ियां-गंडियाल मार्ग के रास्ते पैदल कठुआ आ रहे मोहम्मद शब्बीर पुत्र मोहम्मद शफी निवासी गुज्जर बस्ती चन्नग्रां कठुआ को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 9 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में एफआईआर नंबर 156/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22 में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story