वक्रतुंड महाकाय सूर्यकोटि समप्रभ-कठुआ में 12 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू
कठुआ, 14 सितंबर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर कठुआ में गणेश महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 12 दिवसीय गणेश महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया गया। नगरी अड्डा चैक के समीप पार्किंग स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई और हवन-यज्ञ का आयोजन कर पूजा-अर्चना की गई।
भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित होते ही पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि आगामी 12 दिनों तक रोजाना शाम आठ बजे पंडाल में भगवान गणेश के गुणगान और विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव के समापन पर भगवान गणेश की प्रतिमा का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य दिवाकर शर्मा ने बताया कि कठुआ में पिछले 16 वर्षों से गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और हिंदू समाज की संस्कृति एवं विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि भगवान श्री गणेश के 12 नामों की मान्यता के चलते महोत्सव 12 दिनों तक मनाया जाता है। दिवाकर शर्मा ने कठुआ शहर सहित आसपास के लोगों से रोजाना शाम पंडाल में पहुंचकर गणेश महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और भगवान श्री गणेश का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

