जम्मू मंडल के 11 वाणिज्य कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया
जम्मू,, 10 अगस्त (हि.स.)।
जम्मू मंडल के वाणिज्य विभाग की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय, जम्मू में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने हाल के महीनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले वाणिज्य विभाग के 11 फ्रंटलाइन कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मानित कर्मचारियों का चयन टिकट जांच अभियानों के माध्यम से रेलवे के राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान, बुकिंग काउंटरों पर यूपीआई पडर डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने तथा यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर किया गया।
इन कर्मचारियों ने नियमित और सुनियोजित टिकट जांच अभियानों के दौरान बिना टिकट यात्रा तथा अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सक्रियता से जम्मू मंडल को राजस्व सुरक्षा और संग्रहण के क्षेत्र में बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद मिली।
वाणिज्य कर्मचारियों ने रेलवे स्टेशनों और टिकट काउंटरों पर यात्रियों को नकद भुगतान के स्थान पर यूपीआई एवं अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। इससे यात्रियों के समय की बचत के साथ-साथ लेन-देन में पारदर्शिता को बढ़ावा मिला और डिजिटल इंडिया अभियान को भी गति मिली।
समारोह में कर्मचारियों की ईमानदारी और यात्री सेवा को विशेष रूप से सराहा गया। कई सम्मानित कर्मचारियों ने ट्रेनों, प्लेटफॉर्मों और प्रतीक्षालयों में यात्रियों की जरूरत के समय सहायता की तथा यात्रियों द्वारा गलती से छोड़े गए बैग, सामान और अन्य कीमती वस्तुओं को सुरक्षित उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस तरह के कार्यों से यात्रियों में रेलवे प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। वाणिज्य कर्मचारियों के सक्रिय और सहयोगी रवैये से जम्मू मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों, पर्यटकों और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम यात्रा वातावरण तैयार करने में भी मदद मिली है।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और यात्री-केंद्रित कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि फ्रंटलाइन कर्मचारी भारतीय रेल का वास्तविक चेहरा हैं और उनका व्यवहार सीधे तौर पर रेलवे की छवि को प्रभावित करता है।
उन्होंने कहा कि राजस्व बढ़ाना, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देना और जरूरत के समय यात्रियों की सहायता करना रेल कर्मचारियों की जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कर्मचारियों से इसी समर्पण और ऊर्जा के साथ काम जारी रखने का आह्वान किया।
उचित सिंघल ने कहा कि यात्री सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि जम्मू मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी उत्कृष्ट एवं अनुकरणीय कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित और सम्मानित किया जाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

