100 दिवसीय नशा मुक्त अभियान-युवा सशक्तिकरण कौशल विकास और सामुदायिक भागीदारी पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
100 दिवसीय नशा मुक्त अभियान-युवा सशक्तिकरण कौशल विकास और सामुदायिक भागीदारी पर दिया जोर


कठुआ, 08 जून (हि.स.)। 100 दिवसीय नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के अंतर्गत जिला प्रशासन कठुआ ने आबकारी विभाग के सहयोग से सोमवार को ब्लॉक नगरी के चक द्राब खान में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने की।

इस अवसर पर संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों में शामिल करना ही नशे की समस्या से बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे सरकार की विभिन्न योजनाओं जैसे मिशन युवा और तेजस्विनी का लाभ उठाएं जो उद्यमिता, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई हैं। उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिला प्रशासन जल्द ही 10वीं और 12वीं पास छात्रों के लिए काउंसलिंग सत्र आयोजित करेगा जिसमें उन्हें उच्च शिक्षा, करियर विकल्पों और कौशल विकास के अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा गांव में शीघ्र ही बहु-विभागीय जागरूकता एवं आउटरीच शिविर भी लगाया जाएगा जिसमें केंद्र एवं केंद्र शासित प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को नशा मुक्त शपथ भी दिलाई गई ताकि वे नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक हों और इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उपायुक्त ने आम जनता से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और अभिभावक, शिक्षक, समाज के नेता एवं युवा मिलकर कठुआ को नशा मुक्त जिला बनाने में सहयोग करें। इस दौरान हस्तशिल्प, हथकरघा, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में एडीसी कठुआ महिमा मदान, आईएएस प्रोबेशनर निधि, डीएसडब्ल्यूओ वरुण चैधरी, तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार, तहसीलदार नगरी आना जमवाल, आबकारी एवं कराधान अधिकारी काशिश शर्मा, आईटीआई कठुआ के अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story