सीबीसी की मल्टीमीडिया प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता और समावेशी शिक्षा पर हुए विशेष सत्र
जम्मू, 25 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) फील्ड ऑफिस उधमपुर द्वारा आयोजित पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी के तीसरे दिन महिला सशक्तिकरण, वित्तीय साक्षरता और समावेशी शिक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदर्शनी स्टॉलों के निरीक्षण और राष्ट्रगीत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में भास्कर डिग्री कॉलेज उधमपुर के प्राचार्य उदय भानु उपस्थित रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप उद्यमिता की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।
सामाजिक कल्याण विभाग की ज्योति पठानिया ने महिला सशक्तिकरण और बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, जैसे संकल्प हब और सहेली सखी योजना, की जानकारी दी और लाभार्थियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। विशेष शिक्षिका अनीता कुमारी ने समावेशी शिक्षा पर सत्र लेते हुए सांकेतिक भाषा की मूल तकनीकों का प्रदर्शन किया ताकि विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जा सके।
वहीं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बी.एल. अलंबदार ने स्टार्टअप इंडिया से संबंधित बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी और युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में सीबीसी उधमपुर के प्रभारी गुरनाम सिंह ने स्वागत भाषण दिया जबकि सीबीसी डोडा के प्रभारी विक्रम उप्पल ने कल्याणकारी योजनाओं पर ओपन क्विज का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के दौरान सीबीसी कलाकारों और सरकारी डिग्री कॉलेज, उधमपुर के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

