भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जम्मू दौरे की तैयारियों को दिया अंतिम रूप, संगठनात्मक बैठकों में बनी रणनीति
जम्मू, 30 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सत शर्मा (सीए) तथा संगठन महामंत्री अशोक कौल ने मंगलवार को त्रिकुटा नगर स्थित पार्टी मुख्यालय में अलग-अलग संगठनात्मक बैठकों की अध्यक्षता कर विभिन्न प्रकोष्ठों (सेल) और मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ आगामी कार्यक्रमों की समीक्षा की। बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों की प्रगति, आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दो दिवसीय जम्मू दौरे को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
सेल पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा के महासचिव बलदेव सिंह बिलावरिया, गोपाल महाजन, सभी सेल प्रभारी वेद शर्मा तथा सह-प्रभारी मुनीश खजूरिया उपस्थित रहे। इसके बाद मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक में संगठन महामंत्री अशोक कौल के अलावा महासचिव संजीता डोगरा, बलदेव सिंह बिलावरिया और गोपाल महाजन ने भी भाग लिया।
बैठकों को संबोधित करते हुए सत शर्मा ने आह्वान किया कि सभी आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाए और पार्टी की अनुशासित कार्यशैली का परिचय दिया जाए। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रस्तावित दौरे का उल्लेख करते हुए सत शर्मा ने इसे संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने सभी संगठनात्मक इकाइयों को समय रहते तैयारियां पूरी करने, जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने तथा प्रत्येक कार्यक्रम के सफल संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि इस दौरे से जम्मू-कश्मीर में पार्टी के जनसंपर्क और संगठनात्मक विस्तार को नई गति मिल सके।
वहीं संजीता डोगरा ने कहा कि किसी भी संगठनात्मक अभियान की सफलता टीमवर्क, समर्पण और समयबद्ध क्रियान्वयन पर निर्भर करती है। उन्होंने मोर्चों और सेल के पदाधिकारियों से जिला इकाइयों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आग्रह किया। बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि नियमित संगठनात्मक समीक्षा से योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलती है। उन्होंने पदाधिकारियों से सक्रिय रहकर प्रत्येक स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

