पलौड़ा में संस्कृत नेम प्लेट, पौधारोपण और नशा मुक्ति अभियान का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
पलौड़ा में संस्कृत नेम प्लेट, पौधारोपण और नशा मुक्ति अभियान का आयोजन


जम्मू, 15 जून (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं स्टेट अवॉर्डी महंत रोहित शास्त्री के नेतृत्व में जम्मू नॉर्थ विधानसभा क्षेत्र के पलौड़ा में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपराज्यपाल मनोज सिन्हा द्वारा संचालित नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान को जनसमर्थन प्रदान करना तथा संस्कृत भाषा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। इस अवसर पर रामा बिल्डर्स के प्रतिष्ठान पर संस्कृत भाषा में नाम पट्टिका स्थापित की गई। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया, पौधारोपण किया गया तथा संस्कृत में प्रेरणादायक स्लोगन प्रदर्शित किए गए। इन संदेशों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त जीवन का महत्व लोगों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि ट्रस्ट समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्कृत भाषा हमारी प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की पहचान है और इसके प्रचार-प्रसार से समाज में नैतिक तथा आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूती मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।

महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में चल रहा नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान युवाओं को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों, संस्कृत प्रचार, पौधारोपण और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों का आयोजन कर रहा है।

नेशनल एंटी टेररिस्ट फ्रंट (एनएटीएफ) जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष विशाल चोपड़ा ने कहा कि संस्कृत नेम प्लेट अभियान भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और राष्ट्रीय अस्मिता को मजबूत करने का एक प्रभावी माध्यम है। इससे समाज में अपनी जड़ों और परंपराओं के प्रति गर्व की भावना विकसित होगी। रामा बिल्डर्स के स्वामी अनिल गुप्ता ने कहा कि महंत रोहित शास्त्री के समाज सेवा, संस्कृत प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और नशा मुक्ति के कार्यों से प्रेरित होकर उन्होंने अपने प्रतिष्ठान पर संस्कृत नाम पट्टिका लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहित अभियानों में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य भूषण जामवाल, लक्की शर्मा, उत्तम चंद शर्मा, पूर्व पार्षद अशोक सिंह, अमित गुप्ता, राजिंदर शास्त्री, अमित जामवाल, करुणेश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में उभरकर सामने आया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story