जरूरतमंदों को घर-घर पहुंचाई आर्थिक मदद

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 23 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू के बख्शी नगर स्थित राम ट्रस्ट द्वारा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए सराहनीय पहल की जा रही है। वर्ष 2006 में स्थापित यह प्रतिष्ठित संस्था लगातार जरूरतमंदों की मदद कर रही है और अप्रैल 2026 में ट्रस्ट ने एक व्यापक मानवीय सहायता कार्यक्रम शुरू किया है।

इस कार्यक्रम के तहत विधवाओं 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीपीएल परिवारों और घरेलू कामगारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। प्रत्येक लाभार्थी को तत्काल राहत के रूप में 2,000 रुपये दिए गए। ट्रस्ट के सदस्यों ने विशेष रूप से उन लोगों के घर जाकर सहायता पहुंचाई जो चलने-फिरने में असमर्थ हैं जिससे मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल पेश हुई।

ट्रस्ट के चेयरमैन ट्रस्टी सी.पी. गुप्ता, ट्रस्टी वीरेंद्र महाजन, अंजलि महाजन, महासचिव राघव गुप्ता तथा संरक्षक रजनी गुप्ता, साक्षी गुप्ता और ज्योति लछोत्रा ने इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लाभार्थियों और उनके परिवारों ने इस पहल की सराहना करते हुए ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। इसके अलावा, ट्रस्ट ने जम्मू के विभिन्न सामाजिक संस्थानों जैसे वृद्ध आश्रम, गौ रक्षा समिति और वेद मंदिर बाल निकेतन को भी सहयोग प्रदान किया है। वहीं श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आयोजित लंगर हेतु भी हर वर्ष आर्थिक सहायता दी जाती है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी ट्रस्ट सक्रिय है। 31 मार्च 2026 को आयोजित स्टेशनरी वितरण शिविर में 100 से अधिक जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉपियां और अन्य सामग्री वितरित की गई, जिससे उनकी पढ़ाई को बढ़ावा मिला। राम ट्रस्ट बीते वर्षों में सेवा, करुणा और समर्पण का प्रतीक बनकर उभरा है और भविष्य में भी समाज के हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story