छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सतर्क, स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सतर्क, स्कूल में स्वास्थ्य जांच शिविर का लिया जायजा


कठुआ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ में स्वास्थ्य विभाग की ओर से छात्राओं के लिए चिकित्सा जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य छात्राओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बीमारियों की समय रहते पहचान और रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। इस दौरान उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने स्कूल का दौरा कर चिकित्सा शिविर का जायजा लिया और छात्राओं से संवाद किया।

डीसी ने छात्राओं से उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और दैनिक दिनचर्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य ही बेहतर शिक्षा और सफल जीवन की मजबूत नींव है। उन्होंने छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की प्रारंभिक स्तर पर पहचान कर समय पर उपचार किया जा सकता है।

शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों को निरंतर आयोजित किया जाना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से स्वस्थ जीवनशैली का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि जिले के विभिन्न स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए इसी तरह के चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं ताकि नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ विद्यार्थियों को निवारक स्वास्थ्य सेवाओं और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा सके। शिविर के दौरान छात्राओं की ब्लड प्रेशर, वजन, रक्त एवं हीमोग्लोबिन जांच, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दंत जांच तथा चिकित्सकीय परामर्श किया गया।

इस अवसर पर सीएमओ कठुआ डॉ. विजय रैना, सीईओ कठुआ केवल किशोर, डीईपीओ अंजना मन्हास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story