हिमाचल लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रमेश्वर सिंह ठाकुर का कार्यकाल समाप्त, पद पर नए चेहरे की तैयारी
शिमला, 11 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष कैप्टन रमेश्वर सिंह ठाकुर का कार्यकाल शुक्रवार को समाप्त हो गया। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार कैप्टन ठाकुर ने 26 अगस्त 2022 को अध्यक्ष का पद संभाला था और 11 सितंबर 2026 तक इस पद पर रहे। वह भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी हैं।
कैप्टन रमेश्वर सिंह ठाकुर के कार्यकाल की समाप्ति के साथ अब आयोग के अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति को लेकर सरकार की ओर से अगली प्रक्रिया पर नजर है। फिलहाल नए अध्यक्ष के नाम की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस संवैधानिक संस्था की जिम्मेदारी आगे किसे सौंपी जाती है।
हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग राज्य सरकार की विभिन्न सेवाओं और पदों के लिए भर्ती परीक्षाएं आयोजित करने तथा चयन प्रक्रिया पूरी करने वाली संवैधानिक संस्था है। आयोग के काम में राज्य सेवाओं के लिए परीक्षाएं आयोजित करना, चयन के माध्यम से सीधी भर्ती करना और पदोन्नति, प्रतिनियुक्ति तथा भर्ती नियमों से जुड़े मामलों में सरकार को परामर्श देना शामिल है।
आयोग की संरचना में एक अध्यक्ष और पांच सदस्यों का प्रावधान है। वर्तमान में आयोग की वेबसाइट पर अध्यक्ष के रूप में कैप्टन रमेश्वर सिंह ठाकुर का नाम दर्ज था। उनके साथ कर्नल राजेश कुमार शर्मा, डॉ. पवनेश शर्मा, प्रोफेसर ममता मोक्टा और रकिल कहलोन सदस्य के रूप में दर्ज हैं।
लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति राज्यपाल करते हैं। ऐसे में नए अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया में राज्य सरकार की ओर से नाम आगे बढ़ाए जाने के बाद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नियुक्ति होगी। अभी सरकार की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नए अध्यक्ष के लिए किन नामों पर विचार किया जा रहा है। कैप्टन ठाकुर के कार्यकाल के समाप्त होने के बाद अब प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा तेज होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

