हिमाचल में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल शुरू

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल शुरू


शिमला, 21 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से 'तकनीकी रोजगार सेतु' पोर्टल शुरू किया। मुख्यमंत्र सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को इस डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह अपनी तरह का पहला पोर्टल है, जो छात्रों, तकनीकी शिक्षण संस्थानों और रोजगार देने वाले उद्योगों को एक ही मंच पर जोड़ने का काम करेगा। सरकार का मानना है कि इससे प्लेसमेंट और भर्ती की प्रक्रिया अधिक आसान, तेज और पारदर्शी बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कौशल विकास और रोजगार सृजन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उनके अनुसार, तकनीकी रोजगार सेतु पोर्टल युवाओं और उद्योगों के बीच एक प्रभावी कड़ी बनेगा और तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों को उनकी योग्यता के अनुरूप बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इस पोर्टल पर छात्र अपनी प्रोफाइल तैयार कर सकेंगे और अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल, प्रशिक्षण तथा प्रमाणपत्रों की जानकारी अपलोड कर पाएंगे। इसके साथ ही वे उपलब्ध नौकरियों की जानकारी देख सकेंगे, ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और अपने प्लेसमेंट की स्थिति पर भी नजर रख सकेंगे। सरकार का कहना है कि इससे छात्रों की पहुंच सीधे रोजगार के अवसरों और उद्योगों की जरूरतों तक होगी।

रोजगार देने वाली कंपनियों और संस्थानों के लिए भी यह पोर्टल कई सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। नियोक्ता इसमें पंजीकरण कर सकेंगे, रिक्त पदों की जानकारी साझा कर सकेंगे और पात्र उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखकर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे। नियुक्ति पूरी होने के बाद उसकी जानकारी भी विभाग को इसी पोर्टल के माध्यम से दी जा सकेगी। सरकार का कहना है कि इससे भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और अनावश्यक देरी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पोर्टल पर अब तक प्रदेश के 164 तकनीकी शिक्षण संस्थान पंजीकृत हो चुके हैं। इनमें 136 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), 18 पॉलिटेक्निक संस्थान, पांच इंजीनियरिंग कॉलेज और पांच फार्मेसी कॉलेज शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि हिम एक्सेस इंटीग्रेशन पोर्टल के माध्यम से अब तक 26,168 छात्रों का पंजीकरण किया जा चुका है। इनमें 23,054 छात्रों की कौशल मैपिंग पूरी हो चुकी है। इसके अलावा 97 नियोक्ता भी इस पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि इलेक्ट्रीशियन और प्लंबर जैसे कुशल श्रमिक भी इसमें अपना पंजीकरण करा सकेंगे। लोगों और संस्थानों को अल्प अवधि के कार्यों के लिए भी ऐसे प्रशिक्षित श्रमिकों की सेवाएं इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से मिल सकेंगी।

उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थान भी इस पोर्टल के जरिए छात्रों का रिकॉर्ड सुरक्षित रख सकेंगे, उनकी प्रोफाइल का सत्यापन कर सकेंगे और प्लेसमेंट के परिणामों की निगरानी कर पाएंगे। इससे संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story