हिमाचल में ठंड का असर तेज, 20 व 21 दिसंबर को बर्फबारी के आसार
शिमला, 15 दिसंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार शुष्क और ठंडा बना हुआ है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने के कारण प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में सूखी ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ 17 दिसंबर से सक्रिय तो होगा, लेकिन यह कमजोर रहेगा। इसका असर मुख्य रूप से 20 और 21 दिसंबर को उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। इन दो दिनों के दौरान लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कांगड़ा और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
हालांकि प्रसिद्ध हिल स्टेशनों शिमला, कुफरी और मनाली में इस पूरे सप्ताह बर्फबारी के आसार नहीं हैं। इससे यहां सीजन की पहली बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटकों को फिलहाल निराशा हाथ लग रही है।
राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में अगले छह दिनों तक मौसम साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बिलासपुर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में अगले दो दिनों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। विशेषकर बिलासपुर के भाखड़ा डैम क्षेत्र और मंडी की बल्ह घाटी में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है।
प्रदेश में बारिश और बर्फबारी न होने का सीधा असर खेती और बागवानी पर पड़ रहा है। सेब सहित अन्य फसलों को आवश्यक नमी नहीं मिल पा रही है और कई इलाकों में सूखे जैसी स्थिति बनने लगी है। किसान और बागवान मौसम में बदलाव की उम्मीद लगाए बैठे हैं। ठंड तो बढ़ रही है, लेकिन नमी के अभाव में यह ठंड सूखी और ज्यादा चुभने वाली महसूस हो रही है।
तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान बढ़कर 10.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री ज्यादा है। हैरानी की बात यह रही कि मैदानी और निचले जिलों की रातें शिमला से भी ज्यादा ठंडी रहीं। कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री, मंडी में 8.1 डिग्री, बिलासपुर में 8.5 डिग्री, ऊना में 7.7 डिग्री और सोलन में 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अन्य प्रमुख स्थानों में सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री, भुंतर का 8.0 डिग्री, धर्मशाला का 7.0 डिग्री, नाहन का 9.8 डिग्री, पालमपुर का 7.0 डिग्री, हमीरपुर का 7.4 डिग्री, पांवटा साहिब का 9.0 डिग्री और जुब्बड़हट्टी का 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड का असर और तेज है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 5.7 डिग्री और ताबो में माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन स्थानों पर प्राकृतिक जलस्त्रोत जम गए हैं।
इस बीच आज सोमवार को प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए हैं जबकि मैदानी क्षेत्रों में बिलासपुर और मंडी में सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। इसके अलावा अन्य इलाकों में दिन के समय धूप खिली रही। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है जबकि अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

