हिमाचल और तिब्बती समुदाय के बीच हमेशा रहे गहरे और सौहार्दपूर्ण संबंध : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल और तिब्बती समुदाय के बीच हमेशा रहे गहरे और सौहार्दपूर्ण संबंध : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता


हिमाचल और तिब्बती समुदाय के बीच हमेशा रहे गहरे और सौहार्दपूर्ण संबंध : राज्यपाल कविंद्र गुप्ता


शिमला, 13 अप्रैल (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश और तिब्बती समुदाय के बीच हमेशा से गहरे और सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में परम पावन दलाई लामा की उपस्थिति ने हिमाचल प्रदेश को वैश्विक स्तर पर एक विशेष पहचान दिलाई है और उनकी शिक्षाएं पूरी दुनिया के लोगों को नैतिक दिशा प्रदान करती हैं।

राज्यपाल सोमवार को शिमला स्थित लोक भवन में केंद्रीय तिब्बती प्रशासन के मुख्य प्रतिनिधि ल्हाकपा त्सेरिंग के नेतृत्व में आए तिब्बती प्रतिनिधिमंडल से भेंट के दौरान यह बात कह रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दलाई लामा का जीवन करुणा, अहिंसा, शांति और सार्वभौमिक मानव कल्याण का जीवंत उदाहरण है। उनकी शिक्षाएं केवल तिब्बती समुदाय ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने हिमाचल प्रदेश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास में तिब्बती समुदाय के योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य में तिब्बती भाइयों और बहनों ने विभिन्न क्षेत्रों में सकारात्मक भूमिका निभाई है, जिससे प्रदेश की समृद्धि और सामाजिक सौहार्द को मजबूती मिली है।

इस दौरान तिब्बती प्रतिनिधिमंडल की ओर से ल्हाकपा त्सेरिंग ने राज्यपाल को सम्मानित भी किया। मुलाकात के समय लोक भवन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story