सोलन में ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस हर्षोंल्लास के साथ आयोजित
सोलन, 15 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तथा हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक, आध्यात्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को वृह्द स्तर पर बढ़ावा दे रही है। आर.एस. बाली सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित ज़िला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।
आर.एस. बाली ने इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, गृह रक्षा, एन.सी.सी, स्काउटस एण्ड गाईडस एवं विद्यालयों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। पुलिस उप निरीक्षक साहिल राणा ने परेड का नेतृत्व किया।
उन्होंने इससे पूर्व कारगिल शहीद स्मारक पर कृतज्ञ प्रदेशवासियों एवं ज़िलावासियों की ओर से शहीदों को भावभीनी श्रद्धाजंलि भी अर्पित की।
आर.एस. बाली ने 78वें हिमाचल दिवस के अवसर पर कहा कि प्रदेश में नई ईको टूरिज़म नीति के तहत 77 ईको टूरिज़म स्थल विकसित किए जा रहे हैं तथा अगले 05 वर्षों में इस माध्यम से 200 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्रित करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के माध्यम से हिमाचल में रोज़गार एवं स्वरोज़गार के बेहतर अवसर सृजित कर आर्थिकी को सम्बल प्रदान किया जा सकता है। प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए एशियन विकास बैंक के सहयोग से लगभग 2357 करोड़ रुपए की योजना स्वीकृत की गई है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और नवीन पर्यटक स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच बनाने के लिए सभी ज़िलों में हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। प्रदेश के सुल्तानपुर, रक्कड़, पालमपुर और जसकोट में लगभग 53 करोड़ रुपए की लागत से हेलीपोर्ट निर्माण कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि सोलन ज़िला के बसाल सहित ऊना के रोरा, सिरमौर के धार कियारी, कुल्लू के मनाली, किन्नौर के शारबो और लाहौल-स्पीति के रंगरीक में हेलीपोर्ट निर्माण कार्य प्रगति पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

