सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के.आर. भारती की दो नई पुस्तकों का राज्यपाल ने किया विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी के.आर. भारती की दो नई पुस्तकों का राज्यपाल ने किया विमोचन


शिमला, 26 नवंबर (हि.स.)। राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को लोक भवन में हिमाचल प्रदेश के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एवं प्रख्यात लेखक के.आर. भारती द्वारा लिखित दो पुस्तकों का विमोचन किया।

पहली पुस्तक ‘फेयर्स एण्ड फेस्टिवल्स ऑफ हिमाचल प्रदेश’ राज्य के पारंपरिक मेलों और त्योहारों पर व्यापक शोध पर आधारित एक महत्वपूर्ण कृति है। इसमें इन मेलों एवं त्योहारों की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, लोक कथाओं, रीति-रिवाजों, धार्मिक मान्यताओं तथा जीवंत सामुदायिक परंपराओं का विस्तृत वर्णन किया गया है। यह पुस्तक पाठकों को हिमाचल प्रदेश की समृद्ध एवं विविधतापूर्ण सांस्कृतिक विरासत से परिचित करवाती है।

दूसरी पुस्तक हिमाचल प्रदेश से जुड़े लेखकों द्वारा रचित हिंदी कहानियों की समालोचनात्मक समीक्षा एवं साहित्यिक विश्लेषण पर आधारित है। इसमें चंद्रधर शर्मा गुलेरी और यशपाल जैसे प्रतिष्ठित साहित्यकारों के साहित्यिक योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है, जिनकी रचनाओं ने हिंदी साहित्य को समृद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अतीत की साहित्यिक विरासत को वर्तमान से जोड़ते हुए इस पुस्तक में हिमाचल प्रदेश के 19 प्रमुख समकालीन कहानीकारों की रचनाओं का भी समालोचनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल ने के.आर. भारती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी पुस्तकों के माध्यम से हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के दस्तावेजीकरण और क्षेत्रीय साहित्य के प्रति रुचि एवं समझ विकसित करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की साहित्यिक कृतियां प्रदेश की समृद्ध परंपराओं, साहित्यिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

राज्यपाल ने कहा कि ये पुस्तकें शोधार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों, संस्कृति एवं साहित्य में रुचि रखने वाले लोगों तथा आम पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगी।

उल्लेखनीय है कि के.आर. भारती हिमाचल प्रदेश के प्रतिष्ठित लेखक हैं और अब तक हिंदी एवं अंग्रेजी भाषाओं में कुल 11 पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story