सिरमौर पुलिस ने 6 महीने में 163 गुमशुदा ढूंढे
नाहन, 04 जुलाई (हि.स.) ।जिला सिरमौर पुलिस ने पिछले 6 महीने में गुमशुदा लोगों को ढूंढने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। जनवरी से जून 2026 तक पुलिस ने कुल 163 लापता व्यक्तियों को बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया है।
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक बरामद हुए लोगों में 102 महिलाएं, 35 पुरुष, 25 बच्चे और एक अन्य शामिल हैं। इनमें से कई केस सालों पुराने थे। जिला पुलिस की मिसिंग सेल टीम और अलग-अलग थानों से गठित विशेष टीमों ने प्रदेश के अंदर और बाहरी राज्यों तक जाकर गुमशुदा लोगों का पता लगाया।
एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि मिसिंग सेल ने तकनीकी सर्विलांस, साइबर ट्रैकिंग और लोकल इंटेलिजेंस के जरिए सर्च ऑपरेशन चलाया। कई मामलों में लोगों के मोबाइल लोकेशन, बैंक ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया से सुराग मिले। बरामद सभी लोगों को सुरक्षित उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि गुमशुदगी के केस सबसे संवेदनशील होते हैं। आने वाले समय में भी मिसिंग सेल इसी मुस्तैदी से काम करती रहेगी। अगर किसी का कोई परिजन लापता है तो तुरंत नजदीकी थाने पर सूचना दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

