सिरमौर जिला में 640 किसानों से 1977 मीट्रिक टन खरीदी गेहूं
नाहन, 19 जून (हि.स.)।हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिला गेहूं खरीद करने में प्रथम स्थान पर रहा है । सबसे अधिक गेहूं खरीद केंद्र की अगर बात करें तो पांवटा साहिब खरीद केंद्र पर सबसे अधिक किसान लाभवान्तित हुए और सबसे अधिक गेहूं पांवटा साहिब खरीद केंद्र पर खरीदी गई।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि उपज मंडी समिति जिला सिरमौर के सचिव अक्षित शर्मा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में इस वर्ष सबसे अधिक गेहूं की खरीद जिला सिरमौर में की गई है यहां तय लक्ष्य से दोगुना गेहूं खरीद हुई और किसानों के सीधा बैंक खातों में पैसे डाले गए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सिरमौर जिला में गेहूं खरीद का लक्ष्य 1000 मीट्रिक टन रखा गया था जिसकी अपेक्षा विभाग ने 1977 मीट्रिक टन गेहूं खरीद की है ।
उन्होंने बताया कि धौलाकुआं गेहूं खरीद केंद्र पर 414 मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई जबकि पांवटा साहिब गेहूं खरीद केंद्र पर 1563 मीट्रिक टन गेहूं खरीद हुई है । उन्होंने बताया कि सिरमौर जिला में 640 किसान गेहूं बेचने पहुंचे जिनकी सीधे बैंक खातों में तय समय अनुसार पैसे डाले गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

