सिरमौर के राजत ठाकुर का सीनियर वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के दूरदराज क्षेत्र नोहराधार तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम गराडी के होनहार खिलाड़ी राजत ठाकुर ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। राजत ठाकुर का चयन आगामी सीनियर वर्ल्ड कुराश चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है।

यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 नवंबर से 9 नवंबर 2026 तक कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित की जाएगी। इस वैश्विक मंच पर राजत ठाकुर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए विश्वभर के शीर्ष कुराश खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। ग्रामीण आंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की नीली-सफेद जर्सी पहनने का अवसर मिलना न केवल राजत के लिए, बल्कि पूरे सिरमौर जिले और हिमाचल प्रदेश के लिए अत्यंत गौरवशाली क्षण है।

अपनी इस अभूतपूर्व सफलता और चयन का श्रेय राजत ने अपने बड़े भाई अक्षय ठाकुर, अपने समस्त परिवार तथा अपने कोच वीरेन धौलटा को दिया है। राजत का कहना है कि उनके बड़े भाई और परिवार के अटूट समर्थन तथा कोच वीरेन धौलटा के सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन की बदौलत ही वे आज इस मुकाम को हासिल करने में सफल हो पाए हैं। कठिन प्रशिक्षण और अभ्यास के दौरान कोच और परिवार हमेशा उनकी ढाल बनकर साथ खड़े रहे।

राजत ठाकुर के विश्व चैंपियनशिप में चयन की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव गराडी, तहसील नोहराधार और पूरे जिला सिरमौर में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों, खेल प्रेमियों और समाजसेवियों ने राजत और उनके परिवार को ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। सभी को पूरी उम्मीद है कि राजत अस्ताना में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तिरंगा फहराएंगे और देश के लिए पदक जीतकर इतिहास रचेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story