सही जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी जरूरी : कुलदीप पठानिया

WhatsApp Channel Join Now
सही जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी जरूरी : कुलदीप पठानिया


शिमला, 16 जनवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा है कि लोकतंत्र की मजबूती और शासन तंत्र की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सोशल मीडिया पर निगरानी और सही जानकारी का प्रवाह अत्यंत जरूरी है। यह टिप्पणी उन्होंने 28वें राष्ट्रमण्डल देशों के राष्ट्रीय स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान शुक्रवार को कही। ये सम्मेलन भारतीय संसद द्वारा आयोजित किया गया था और आज इसे अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दिया गया।

पठानियां ने सम्मेलन में बताया कि भारतीय लोकतंत्र पिछले 78 वर्षों से लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि जहां कई देशों की सरकारें अस्थिर हो रही हैं और शासन तंत्र खतरे में है, वहीं हमारा देश 146 करोड़ लोगों का देश होने के बावजूद विभिन्न भाषाओं और संस्कृतियों में एकता बनाए रखता है। यही हमारे सशक्त लोकतंत्र का आधार है।

उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में सोशल मीडिया और कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसे नए नवाचारों पर विस्तृत चर्चा हुई, जो लोकतांत्रिक प्रणाली के महत्वपूर्ण उपकरण हैं। पठानिया ने कहा कि आम जनता को सदन की कार्यवाही और नीति निर्माण की जानकारी तक पहुंचना आवश्यक है। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया को जिम्मेदारी के साथ जानकारी पहुँचाने का काम करना चाहिए ताकि चुने हुए प्रतिनिधि और जनता के बीच सच्चा संवाद कायम रहे।

कुलदीप सिंह पठानियां ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश ई- विधान प्रणाली लागू करने वाला अग्रणी राज्य रहा है और आज भी राष्ट्रीय ई- विधान को अपनाकर सदन की कार्यवाही को जन-जन तक पहुँचाने में अव्वल है।

बता दें कि इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 जनवरी को किया था। इसमें 67 राष्ट्रमंडल देशों के लगभग 61 राष्ट्रीय स्पीकर और भारत के 28 राज्यों के पीठासीन अधिकारी विशेष रूप से शामिल हुए थे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. क्रिस्टोफर कलिला, गुयाना के राष्ट्रीय विधानसभा अध्यक्ष और कनाडा के हाउस ऑफ कॉमन्स अध्यक्ष फ्रांसिस स्कार्पालोजिया ने भी अपने संबोधन दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story